Friday, April 14, 2017

अगर आपके पास है गैस कनेक्शन तो नहीं मिलेगा ये फायदा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर रात अलग अलग विभागों का प्रजेंटेशन देखा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने फैसला किया है कि जिन परिवारों के पास गैस कनेक्शन है उन्हें पीडीएस का केरोसिन नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि फर्जी बीपीएल और राशनकार्ड से फायदा ले रहे लोगों से रिकवरी की जाएगी। यह रकम सरकारी खजाने में जमा होगी। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पब्लिक वेलफेयर स्कीम्स को आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सभी स्कीम्स ऑनलाइन की जाएगी। इसके अलावा भूमाफियाओं के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया गया है।
इसमें राजस्व विभाग की प्रॉपर्टीज पर से गैर कानूनी कब्जे हटाने के लिए चीफ सेक्रेटरी,कमिश्नर और डीएम के स्तर पर एक टास्क फोर्स बनाई जाएगी।
योगी सरकार ने ऐसे किसान जिनके पास खेती की जमीन नहीं है उनके 2 बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए स्कॉलरशिफ देने का भी आदेश दिया है। फूड एंड लॉजिस्टिक विभाग के प्रजेंटेशन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसान को क्वालिटी के नाम पर बेवजह परेशान न किया जाए। अगर किसानों को कोई दिक्कत हुई तो अधिकारी जिम्मेदार होंगे। गेहूं खरीद के बाद किसानों को इसका भुगतान 48 से 72 घंटे में कर दिया जाए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बड़े स्तर पर सुधार की जरूरत है।
एसडीएम से राशन कोटे की दुकान के निलंबन का अधिकार वापस लेने के निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं। योगी ने यह भी कहा कि फूंड एंड लॉजिस्टिक डिपार्टमेंट में एक ही जगह लंबे समय से तैनात कर्मचारियों का ट्रांसफर किया जाए। बीपीएल परिवारों का नया सर्वे जल्द से जल्द करवाने की तैयारी की जाए।